
आज पेश होगा उत्तर प्रदेश सरकार का बजट
हर वर्ग का रखा जाएगा ख्याल’-वित्तमंत्री सुरेश खन्ना
चुनावी साल होने की वजह से मिल सकते हैं कई तोहफे
चंडीगढ, 5 फरवरी (विश्ववार्ता) आज यानि की 5 फरवरी को उत्तर प्रदेश सरकार का बजट पेश किया जायेगा। बजट सुबह 11 बजे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बजट पेश करेंगे। इस बजट में सरकार कई नई घोषणाएं कर सकती है। चुनावी साल होने के चलते ऐसे अनुमान लगाए जा रहे हैं कि इस बजट में प्रदेश की जनता को तोहफे देने की कोशिश होगी। बजट के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सोशल मीडिया पर पोस्टर कर लिखा, ‘बजट को अंतिम रूप देते हुए. वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प पर आधारित योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश को 1 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार स्तम्भ बनेगा.’ इस दौरान वित्त मंत्री ने एक तस्वीर भी साझा की है.
6 और 7 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। आठ फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्ययक पर साधारण चर्चा होगी। 10 और 12 फरवरी को आय-व्ययक पर चर्चा के साथ अनुदान की मांगों पर विचार होगा। बजट प्रस्ताव पर मतदान होगा। 12 फरवरी को दोपहर 3 बजे उत्तर प्रदेश विनियोग विधेयक 2024 को सदन में पुन:स्थापन कर उसे पारित किया जाएगा।प्रदेश के इस बजट में आय और खर्च का संतुलन और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
आगामी वित्त वर्ष में राज्य का स्वयं का कर राजस्व 10.8 फीसदी रहने का अनुमान है तो करेत्तर राजस्व 0.9 फीसदी रहेगा। बचत पर जोर देते हुए राजस्व बचत वर्तमान वित्त वर्ष की तुलना में आगामी वित्त वर्ष में ज्यादा होगा। इसे 2.8 फीसदी से बढ़ाकर 3 फीसदी करने का अनुमान है। वहीं राजकोषीय घाटे में कमी का लक्ष्य रखा गया है। इसे 3.24 फीसदी पर लाने का जोर रहेगा।





















