
आज चंडीगढ मेयर चुनाव लोकतंत्र के लिए काला दिन: पंजाब सीएम मान
सीएम मान ने प्रैस कॉफ्रैस कर भाजपा को जमकर घेरा
चंडीगढ़, 30 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने प्रैस कॉफ्रैस कर जमकर भाजपा को घेरा और कहा कि आज का दिन हमारे देश के लोकतंत्र में ‘काले दिन’ के रूप में लिखा और याद किया जाएगा। दुर्भाग्य से, यह वही महीना है जब हम गणतंत्र दिवस मनाते हैं। आज संविधान की धज्जियां उड़ा दी गई हैं। जिस तरह से चंडीगढ़ मेयर चुनाव को मीडिया के सामने, कैमरे के सामने भाजपा ने ‘लूट’ लिया। इसके पहले उन्होंने मध्य प्रदेश, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर राज्यों में ऐसा किया था। तो ये उनकी पुरानी आदत है।
बताया जा रहा है कि पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह पर कई वोटों के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। कांग्रेस और आप पार्षदों की तरफ से आरोप लगाए जा रहे हैं कि अनिल मसीह वीडियो में कई वोटों पर पेन चलाते हुए नजर आए हैं। वीडियो में भी इसके सबूत हैं। सदन में काफी हंगामा चला।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर प्रतिक्रिया दी। केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है।























