
आज गुजरात दौरे पर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी
चंडीगढ, 28 मई (विश्व वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान पीएम मोदी वहां एक नवनिर्मित अस्पताल का दौरा करेंगे। यहां वह विभिन्न सहकारी संस्थानों के नेताओं के एक सेमिनार को संबोधित करेंगे और एक नैनो यूरिया (लिक्विड) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। लगभग 10 बजे पूर्वाह्न प्रधानमंत्री राजकोट जिले के आटकोट में नव-निर्मित मातोश्री केडीपी मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचेंगे। वहीं एक जन-समारोह को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद लगभग चार बजे अपराह्न प्रधानमंत्री महात्मा मंदिर, गांधीनगर में विभिन्न सहकारी संस्थानों के प्रमुखों के ‘सहकार से समृद्धि’ विषयक गोष्ठी को सम्बोधित करेंगे। यहीं वे इफको, कलोल में निर्मित नैनो-यूरिया (तरल) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे।
गुजरात का सहकारी सेक्टर पूरे देश के लिये आदर्श है। राज्य के सहकारी सेक्टर में 84,000 से अधिक सोसायटियां हैं। इन सोसायटियों से लगभग 231 लाख सदस्य जुड़े हैं। राज्य में सहकारी आंदोलन को और मजबूत बनाने के लिये, ‘सहकार से समृद्धि’ विषय पर विभिन्न सहकारी संस्थानों के प्रमुखों की एक गोष्ठी आयोजित की जा रही है, जो महात्मा मंदिर, गांधीनगर में होगी।























