
आईसीसी ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित
एसएलसी में सरकार के द्वारा ज़रूरत से हस्तक्षेप किए जाने के कारण लिया फ़ैसला
चंडीगढ़, 11 नवंबर (विश्ववार्ता)आईसीसी ने श्रीलंका क्रिकेट को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ने यह फैसला एसएलसी प्रशासन में व्यापक सरकारी हस्तक्षेप की वजह से लिया है। वर्ल्ड कप 2023 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वहां के खेल मंत्री ने श्रीलंका क्रिकेट को भंग कर दिया था। भारत में हो रहे टूर्नामेंट में श्रीलंका को 9 मैचों में सिर्फ 2 जीत मिली।
श्रीलंका संसद ने देश में खेल की संचालन संस्था श्रीलंका क्रिकेट के पदाधिकारियों को हटाने के लिए सर्वसम्मति से एक संयुक्त प्रस्ताव पारित किया है, जिनके सांसदों ने ‘भ्रष्ट’ होने का दावा किया है। सरकार और विपक्ष ने बिना वोट के ‘एसएलसी अध्यक्ष सहित भ्रष्ट पदाधिकारियों को हटाने’ नामक प्रस्ताव को पारित करने के लिए हाथ मिलाया।
आईसीसी ने एक बयान में कहा “आईसीसी बोर्ड ने आज बैठक की और निर्णय लिया कि श्रीलंका क्रिकेट एक सदस्य के रूप में अपने दायित्वों का गंभीर उल्लंघन कर रहा है, विशेष रूप से अपने मामलों को स्वायत्त रूप से प्रबंधित करने और यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि शासन, विनियमन और/या प्रशासन में कोई सरकारी हस्तक्षेप नहीं है। निलंबन की शर्तें आईसीसी बोर्ड द्वारा उचित समय पर तय की जाएंगी।”























