
आईपीएल-2024 मे हैदाराबाद ने चेन्नई को दी करारी शिकस्त
रोमांचक मुकाबले में मार्करम-अभिषेक का दमदार प्रदर्शन
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्ववार्ता) सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2024 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से शिकस्त दी. चेन्नई ने राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले बैटिंग करते हुए 166 रनों का लक्ष्य रखा. इसके जवाब में हैदराबाद ने एडिन मार्करम के अर्धशतक के दम पर 18.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली. चेन्नई के लिए शिवम दुबे ने 45 रनों की शानदार पारी खेली. अजिंक्य रहाणे ने 35 रनों का योगदान दिया. हैदराबाद के लिए अभिषेक ने ताबड़तोड़ बैटिंग की. हालांकि पावरप्ले ओवरों के बाद हैदराबाद की बल्लेबाजी भी धीमी पड़ गई थी. ऐसे में गेंदबाजों ने चेन्नई ने वापसी तो करवाई, लेकिन SRH के पास काफी विकेट बचे थे, इसलिए टीम के बल्लेबाजों ने स्लो पिच पर भी आक्रामक रुख अपनाते हुए टीम को जीत दिला दी.
15वें ओवर तक SRH का स्कोर 3 विकेट पर 135 रन था और आखिरी 5 ओवरों में उन्हें 31 रन की जरूरत थी. ये देखने में बेहद आसान स्कोर नजर आता है, लेकिन लो-स्कोरिंग पिच पर SRH के लिए ऐसा करना आसान नहीं था. 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर मोईन अली ने शहबाज़ अहमद को 18 रन के स्कोर पर आउट किया, जो क्रीज़ पर सेट हो चुके थे. मैच रोमांचक बन गया था और आखिरी 18 गेंद में SRH को 15 रन की जरूरत थी. 18वें ओवर में तुषार देशपांडे के ओवर में आए 9 रन ने मुकाबला कहीं ना कहीं एकतरफा कर दिया था. आखिरी 2 ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए केवल 6 रन चाहिए थे. 19वें ओवर की पहली ही गेंद पर नितीश रेड्डी ने छक्का लगाते हुए SRH को बड़ी जीत दिलाई.
हैदराबाद की जीत में ट्रेविस हेड की 24 गेंद में 31 रन, अभिषेक शर्मा की 12 गेंद में 37 रन की ताबड़तोड़ पारी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा. अभिषेक ने इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए. आखिरी ओवरों में नितीश रेड्डी ने 8 गेंद में 14 रन की कैमियो पारी खेली, जिन्हें इस मैच में मयंक अगरवाल की जगह उतारा गया था, जो फिलहाल बीमार हैं. ये CSK की लगातार दूसरी हार है, वहीं SRH की ये 4 मैचों में दूसरी जीत रही.
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले मुकाबले को जीतने के बाद घरेलू टीम को प्वाइंट्स टेबल में बंपर फायदा पहुंचा है. जबकि, हारने वाली चेन्नई को भारी नुकसान हुआ है. यह सीएसके की लगातार दूसरी हार थी. इससे पहले धोनी के धुरंधरों को दिल्ली कैपिटल्स ने हराया था. तो आइए जानते हैं क्या है पूरे प्वाइंट्स टेबल का हाल.
यह हैदराबाद की इस सीज़न में दूसरी जीत थी, जिसके बाद टीम प्वाइंट्स टेबल में 4 प्वाइंट्स और +0.409 के नेट रनरेट के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गई है, जबकि हारने वाली चेन्नई सुपर किंग्स 4 प्वाइंट्स और +0.517 के नेट रनरेट के साथ तीसरे नंबर पर है. बेहतर नेट रनरेट के चलते चेन्नई टेबल में ऊपर है. चेन्नई ने जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की थी. उन्होंने पहले मुकाबले में आरसीबी को 6 विकेट से और दूसरे में गुजरात को 63 रनों से शिकस्त दी थी. लेकिन फिर उन्होंने अगले दोनों मैच गंवा दिए.





















