
आईपीएल-2024 मे रनों के अंतर से कोलकाता की दूसरी सबसे बड़ी जीत
दिल्ली को हराकर कोलकाता अंक तालिका में पहुंचा शीर्ष
तूफानी बैटिंग के बाद गेंदबाजों ने ढाया कहर
चंडीगढ़, 4 अप्रैल (विश्ववार्ता) कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 के 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 106 रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 272 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 17.2 ओवर में 166 रन पर सिमट गई। यह दिल्ली की चार मैचों में तीसरी हार है। वहीं, कोलकाता ने जीत की हैट्रिक लगाई है। टीम ने अब तक अपने सभी तीनों मुकाबले जीते हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी में भी दबदबा बनाकर रखा. वरुण चक्रवर्ती ने अपने 4 ओवरों में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वहीं मिचेल स्टार्क ने भी आईपीएल 2024 में अपना विकेट का खाता खोल लिया है. उन्होंने 3 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट झटके. इस बीच वैभव अरोड़ा ने भी खासा प्रभावित किया, जिन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए. सुनील नरेन और आंद्रे रसेल ने भी एक-एक विकेट लिया.
दिल्ली कैपिटल्स के लिए पारी की शुरुआत बहुत बेकार रही. पहले 33 रन के अंदर DC 4 अहम विकेट गंवा चुकी थी. उसके बाद पांचवें विकेट के लिए ऋषभ पंत और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच 93 रन की साझेदारी हुई, लेकिन ये DC को जीत तक पहुंचाने के लिए नाकाफी साबित हुई. पंत ने 25 गेंद में 55 और स्टब्स ने 32 गेंद में 54 रन की अहम पारी खेली. उसके बाद टीम लगातार विकेट गंवाती रही, जिससे दिल्ली को 106 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी है।





















