आईपीएल 2024 के 11वें मैच में लखनऊ ने पंजाब को हराया
मयंक यादव की घातक गेंदबाजी ने पलटा पासा
चंडीगढ़, 31 मार्च (विश्ववार्ता)आईपीएल 2024 ( के 11वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स को 21 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 199 रन बनाए थे। इसके जवाब में पंजाब 178 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने सधी हुई शुरुआत की। पहले विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी हुई। बेयरस्टो के आउट होने के बाद पंजाब की रन गति पर ब्रेक लग गई। हालांकि, शिखर धवन एक छोर संभालकर खेलते रहे। वह 70 रन बनाकर आउट हुए। मयंक यादव ने तीन तो मोहसिन ने दो विकेट चटकाए।
लखनऊ सुपर जांयंट्स ने पंजाब के खिलाफ तेज शुरुआत की। क्विंटन डिकॉक ने शुरुआत से ही अपने हाथ खोले, लेकिन केएल राहुल 15 रन बनाकर ही आउट हो गए। 8 ओवर के खेल तक लखनऊ का स्कोर 2 विकेट गंवाकर 65 रन था। इसके बाद क्विंटन ने 34 गेंदों का सामना करते हुए अपने आईपीएल करियर की 21वें फिफ्टी जमाई।
इसके बाद निकोलस पूरन ने मैदान पर कदम रखते ही चौके-छक्के जमाए और उनके बल्ले से 21 गेंदों पर 42 रन निकले, लेकिन रबाडा ने उनकी पारी का अंत किया। फिर अंत में क्रुणाल पांड्या ने 22 गेंदों पर नाबाद 43 रन पारी खेली। इस तरह लखनऊ ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 199 रन बनाए।
मयंक ने पंजाब की मुट्ठी से छीना मैच
लखनऊ सुपर जाएंट्स द्वारा दिए गए 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने दमदार शुरुआत की। शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो के बीच पहले विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी हुई। लखनऊ को पहली सफलता मयंक यादव ने दिलाई, जिन्होंने इस मैच में डेब्यू किया। उन्होंने 12वें ओवर की चौथी गेंद पर बेयरस्टो को स्टोइनिस के हाथों कैच कराया। वह 29 गेंदों में 42 रन बना सके। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और तीन छक्के निकले। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह 19 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें भी मयंक यादव ने ही अपना शिकार बनाया। इतना ही नहीं, जितेश शर्मा को भी इस घातक गेंदबाज ने आउट किया। इस मुकाबले में उन्होंने 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी की और पंजाब की मुट्ठी से यह मुकाबला छीन लिया।






















