
आईपीएल 2024 के सातवें मुकाबले चेन्नई सुपरकिंग्स ने हासिल बड़ी जीत
चाहर-मुस्तफिजूर और तुषार ने बरपाया कहर
चंडीगढ़, 27 मार्च (विश्ववार्ता) चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2024 के सातवें मैच में गुजरात टाइटंस को 63 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 206 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 143 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई में चेन्नई की टीम अंक तालिका में चार अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। सीएसके का अगला मैच 31 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स से विशाखापत्तनम में है। वहीं, गुजरात का अगला मैच 31 मार्च को ही सनराइजर्स हैदराबाद से अहमदाबाद में है।
चेन्नई के लिए उसके गेंदबाजों ने गुजरात की मजबूत बैटिंग के सामने कमाल का प्रदर्शन किया. मुस्तफिजूर रहमान, दीपक चाहर और तुषार देशपांडे सहित सभी गेंदबाजों ने गुजरात के बल्लेबाजों को बांधे रखा. चाहर , मुस्तफिजूर और तुषार देशपांडे ने 2-2 विकेट लिए. मथीसा पथिराना और डेरेल मिचेल को 1-1 सफलता मिली. गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए. ऋद्धिमान साहा और डेविड मिलर ने 21-21 रन बनाए. विजय शंकर 12 और अजमतुल्लाह ओमरजई 11 रन बनाकर आउट हुए. राहुल तेवतिया 6 और राशिद खान 1 रन बनाकर आउट हुए. उमेश यादव 10 और स्पेंसर जॉनसन 5 रन बनाकर नॉटआउट रहे.





















