
हरियाणा पुलिस के 14 अधिकारी पुलिस पदक से अलंकृत
आईजी करनाल रेंज ममता सिंह राष्ट्रपति पुलिस पदक से होंगी सम्मानित
हरियाणा पुलिस मुख्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ का हुआ आयोजन
चंडीगढ़, 25 जनवरी – गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा पुलिस के 14 पुलिस अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित करने के लिए चुना गया है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पुलिस महानिरीक्षक करनाल रेंज, करनाल श्रीमति ममता सिंह और सीआईडी पंचकूला के पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र वत्स को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है, जबकि 12 अन्य पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया गया है।
सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वालों में धर्मबीर सिंह, कमांडेंट द्वितीय आईआरबी भोंडसी गुरुग्राम, अनिल कुमार डीएसपी नारायणगढ़, शीतल सिंह डीएसपी आरटीसी भोंडसी गुरुग्राम, मनीष सहगल डीएसपी सीआईडी फरीदाबाद, सुनीता रानी इंस्पेक्टर आरटीसी भोंडसी गुरुग्राम, जनक राज उप-निरीक्षक हिसार, सुख राम सिंह ईएसआई पंचकूला, उमेश कुमार ईएसआई फरीदाबाद, सीमा ईएसआई टेलीकाॅम पंचकूला, राम गोपाल एएसआई जीआरपी कुरुक्षेत्र, विनोद कुमार एएसआई सीआईडी, पंचकूला और राजेश कुमार एएसआई पुलिस मुख्यालय पंचकूला शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरियाणा, श्री प्रशांत कुमार अग्रवाल ने पदक प्राप्त करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह समस्त पुलिस बल के लिए गर्व का क्षण है कि हमारे 14 अधिकारियों को इन महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वालों के साथ-साथ राज्य पुलिस बल के अन्य अधिकारियों व जवानों का भी मनोबल बढ़ेगा।
000
पंचकुला/चंडीगढ़, 25 जनवरी – हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण एवं कल्याण) श्री आलोक कुमार रॉय ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों को निर्वाचन में मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में उपस्थित सभी ने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाये रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि 25 जनवरी का दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है।





















