
अमृतसर गुरुओं की पवित्र धरती पर हम लोगों ने पंजाब का पहला स्कूल ऑफ एमिनेंस शुरू किया: केजरीवाल
कहा हमने इंडस्ट्री को लेकर जो भी गारंटी दी थी, उनमें से कई सारे वादे पूरे किए
चंडीगढ,15 सितंबर (विश्ववार्ता) अमृतसर गुरुओं की पवित्र धरती मानी जाती है। इस पवित्र धरती से गुरुओं के आशीर्वाद से हम लोगों ने पंजाब का पहला स्कूल ऑफ एमिनेंस शुरू किया। अब हम इंडस्ट्री और व्यापार को भी बढ़ाने का काम करेंगे। कभी पंजाब में 882 स्टील इन फाउंड्री इंडस्ट्री होती थीं, अब उनमें से सिर्फ 126 ही बची हैं। दुनिया तरक्की कर रही है और पंजाब अभी तक पीछे जा रहा था लेकिन अब हमें इसको बदलना है। ये बात आज उद्योगपतियों के सम्मेलन में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने पंजाब दौरे के अंतिम दिन कही।
उद्योगपतियों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सभी उद्यमियों के साथ सीधी चर्चा की।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनाव के पहले हमने टाउनहॉल किया था। उसमें कई उद्योगपतियों ने अपनी समस्याएं बताईं और सुझाव भी दिए थे। आज हम लोग उद्योगपतियों के बीच यह कहने के लिए आए हैं कि हमने इंडस्ट्री को लेकर जो भी गारंटी दी थी, उनमें से कई सारे वादे पूरे किए हैं, बल्कि उससे कहीं ज्यादा किया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कारोबारियों से मिले फीड बैक के मुताबिक सीएम भगवंत मान ने सडक़ें बनाने के लिए 14-18 करोड़ रुपए स्वीकृत किये हैं।























