
अग्निवीरों को हरियाणा में सरकारी नौकरी एवं अन्य कार्यों में दी जाएगी वरीयता: मुख्यमंत्री
‘अग्निपथ’ योजना से नौजवानों के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
देश की सेना में सबसे ज्यादा संख्या हरियाणा के युवाओं की: मनोहर लाल
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अग्निपथ योजना के लिए प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री का जताया आभार
चंडीगढ़, 16 जून-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अग्निपथ योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह का धन्यवाद करते हुए कहा कि ‘अग्निपथ’ योजना से नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, इससे हरियाणा के युवाओं को काफी फायदा होगा। प्रदेश का युवा देश सेवा करने का जज्बा रखता है। देश की सेना में सबसे ज्यादा संख्या हमारे युवाओं की है। नई भर्ती योजना से उनको न केवल देश सेवा का मौका मिलेगा, बल्कि नौकरी भी मिल सकेगी। वे नए भारत के निर्माण में अधिक उपयोगी बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल 46,000 अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए भर्ती रैलियां आगामी 90 दिनों में शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा को पूरा करने वाले युवाओं को हरियाणा सरकार नौकरी एवं अन्य कार्यों में वरीयता देगी।





















