
अकाली दल अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए कर रही है लाशों पर राजनीति: मलविंदर कंग
…बिक्रम मजीठिया बोल रहें बीजेपी की भाषा, अंदरखाते अब भी अकाली-भाजपा एक : कंग
…कहा- पंजाबी भाईचारा बेहद मजबूत, हिंदू-सिख मुद्दा बनाकर राजनीतिक फायदा उठाने वाले हुए हैं बेनकाब
…अकाली दल ने बनाए हैं राजनीतिक संरक्षण देकर गैंगस्टर, अब कानून का राज स्थापित कर रही मान सरकार : कंग
चंडीगढ़, 11 नवंबर आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए अकाली दल (बादल) इतना नीचे गिर गया है वह अब लाशों पर राजनीति कर रही है।
शुक्रवार को पार्टी कार्यालय से जारी एक बयान में आप नेता ने कहा कि पहले भाजपा एक ठग सुकेश चंद्राशेखर के बयानों के आधार पर आम आदमी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रही थी और अब बिक्रम मजीठिया भाजपा की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट है कि अकाली-भाजपा के अंदर खाते अभी भी गठबंधन हैं। दोनों पार्टियों ने हमेशा पंजाब के हितों के खिलाफ काम किया है।
मलविंदर कंग ने अकाली दल के शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सरकार के दौरान युवाओं को गुमराह किया और उन्हें लालच देकर गैंगस्टर बना दिया। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार पंजाब में कानून का राज स्थापित करने के लिए काम कर रही है। मान सरकार किसी भी असामाजिक तत्वों को नहीं बख्शेगी और कानून के अनुसार निर्णय लेती रहेगी।
कंग ने कहा कि पंजाब के लोगों का आपसी भाईचारा काफी मजबूत है और लोगों ने हमेशा धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों को नापसंद किया है। हिंदू-सिख मुद्दा बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने वालों को लोगों ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।





















