
अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत ने बनाया नया कीर्तिमान
पहला निजी रॉकेट “विक्रम-एस सफलतापूर्वक किया लॉन्च
चंडीगढ़,19 नवंबर (विश्ववार्ता) अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत ने आज नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पहली बार देश में निजी स्पेस कंपनी द्वारा बनाया गया रॉकेट “विक्रम-एससफलतापूर्वक लॉन्च हो गया है।
भारत के पहले निजी रॉकेट के सफल प्रक्षेपण के तुरंत बाद, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह जो कि प्रक्षेपण स्थल पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित थे, ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि, “बधाई हो भारत! भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नई शुरुआत! बहुत बहुत धन्यवाद। सार्वजनिक-निजी-भागीदारी के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलकर इस प्रयास को संभव बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत के स्टार्ट-अप आंदोलन के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़! इसरो को एक नई उपलब्धि के लिए बधाई।”
मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निजी भागीदारी के लिए 2020 में अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलने (अनलॉक करने) के बाद, यह सफलता इसरो की यात्रा में एक बड़े कीर्तिमान की स्थापना है।
भारतीय अन्तरिक्ष अनुसन्धान संगठन (इसरो) का कहना है कि “मिशन प्रारंभ फलतापूर्वक पूरा हुआ है”, वहीं स्काईरूट एयरोस्पेस ने कहा कि “विक्रम-एस ने आकाश को सुशोभित करने वाले भारत के पहले निजी रॉकेट के रूप में इतिहास रच दिया हैI”
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आज भारत के पहले निजी विक्रम-सबऑर्बिटल (वीकेएस) रॉकेट का सफल प्रक्षेपण कर इतिहास रच दिया है।
केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह व्यक्तिगत रूप से आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में इस महत्वपूर्ण अवसर के साक्षी बने।





















