
अंडमान और निकोबार में भूकंप के झटको से हिली धरती
लोगो मे डर व दहशत का माहौल, क्यों आता है भूकंप?
चंडीगढ़, 7 अप्रैल (विश्ववार्ता) अंडमान और निकोबार में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि आधी रात के बाद करीब 01.05 बजे भूकंप आया था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई है। इसके लगभग 80 मिनट के बाद पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके लगे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक अफगानिस्तान में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात लगभग 02.26 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। दोनों जगहों पर किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूंकप की जांच रिक्टर स्केल से होती है। इसे रिक्टर मैग्नीट्यूड टेस्ट स्केल कहा जाता है। रिक्टर स्केल पर भूकंप को 1 से 9 तक के आधार पर मापा जाता है। भूकंप को इसके केंद्र यानी एपीसेंटर से मापा जाता है। भूकंप के दौरान धरती के भीतर से जो ऊर्जा निकलती है, उसकी तीव्रता को इससे मापा जाता है। इसी तीव्रता से भूकंप के झटके की भयावहता का अंदाजा होता है।
पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती रहती हैं। जहां ये प्लेट्स ज्यादा टकराती हैं, वह जोन फॉल्ट लाइन कहलाता है। बार-बार टकराने से प्लेट्स के कोने मुड़ते हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो प्लेट्स टूटने लगती हैं। नीचे की ऊर्जा बाहर आने का रास्ता खोजती हैं और डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।





















