रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चंडीगढ प्रशासन ने किया बडा ऐलान
शहर के सभी सरकारी दफ्तरों के साथ-साथ बोर्ड, निगम और औद्योगिक इकाइयां भी रहेंगी बंद
चंडीगढ, 19 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ में 22 जनवरी को सरकारी छुट्टी की घोषणा की गई है। अयोध्या में राम लला प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर 22 जनवरी को छुट्टी घोषित की गई है। इस दौरान शहर के सभी सरकारी दफ्तरों के साथ-साथ बोर्ड, निगम और औद्योगिक इकाइयां भी बंद रहेंगी। उक्त आदेश चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी किए गए हैं।
रअसल 22 जनवरी को भगवान श्री राम जी की प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए लोग उसमें शामिल होना चाहते हैं। इसी कारण प्रशासन द्वारा 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, अयोध्या में ‘रामलला प्राण प्रतिष्ठा’ के मद्देनजर 22 जनवरी को केंद्र के सभी सरकारी दफ्तर आधे दिन के लिए बंद रहेंगे।
आपको बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के गर्भगृह में राम लला की नई मूर्ति का ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह 22 जनवरी, सोमवार को आयोजित किया जाना है। कार्मिक मंत्रालय ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयोंऔर विभागों को जारी आदेश में कहा, ”अयोध्या में रामलला का प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी 2024 को पूरे भारत में मनाया जाएगा। कर्मचारियों को इस उत्सव में भाग लेने में सक्षम बनाने के लिए, यह निर्णय लिया गया है कि पूरे भारत में सभी केंद्र सरकार के कार्यालय, केंद्रीय संस्थान और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठान 22 जनवरी 2024 को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन के लिए बंद रहेंगे।