उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में
कश्मीर में डल झील समेत जलाशयों में पानी जमा
पंजाब-हरियाणा व राजस्थान में लुढ़का रात का तापमान….
चंडीगढ़, 3 जनवरी (विश्ववार्ता) उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर से लेकर बिहार और पंजाब, हरियाणा से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी सर्दी का सितम जारी है। रात का तापमान लुढ़कने से पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा। अमृतसर में 8.3 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में आठ डिग्री और फरीदकोट में 8.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। पंजाब में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस दौरान मौसम विभाग द्वारा बारिश की चेतावनी दी गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली के कुछ इलाकों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहा। भारतीय रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें एक से छह घंटे तक विलंबित हुईं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बेहद खराब’ श्रेणी में 346 दर्ज किया गया।
हिमाचल के कुकुमसेरी में पारा माइनस 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जबकि पहलगाम में शून्य से 6.2 डिग्री नीचे रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को दिनभर शीतलहर चलती रही। दिन में धूप निकलने के बावजूद लोग ठिठुरते रहे।