फिरोजपुर 12 मई ( विश्व वार्ता )-फिरोजपुर मंडल ने देश के विभिन्न हिस्सों तक मजदूरों को उनके गृह राज्य तक पहुंचाने के लिए आजतक 63 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का सफलतापूर्वक संचालन किया | इनमें 15 श्रमिक स्पेशल ट्रेन बिहार, 41 श्रमिक स्पेशल ट्रेन उत्तर प्रदेश, 04 श्रमिक स्पेशल ट्रेन झारखंड, 02 श्रमिक स्पेशल ट्रेन मध्य प्रदेश तथा 01 श्रमिक स्पेशल ट्रेन छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई | इन ट्रेनों के द्वारा लगभग 75,000 यात्रियों को उनके मूलस्थान तक भेजा गया |
आज फिरोजपुर मंडल से कुल 13 श्रमिक स्पेशल ट्रेन सफलतापूर्वक संचालन किया गया | जालंधर सिटी से 5 ट्रेनें चलाई गई जो गया,गोरखपुर, गोंडा (2 ट्रेन) तथा बेतिया गई | लुधियाना से 06 ट्रेनें चलाई गई जो सीतामढ़ी, प्रतापगढ़ ,रायबरेली, हरदोई, उन्नाव तथा अमेठी गई | अमृतसर से 02 ट्रेनें चलाई गई जो मऊ तथा चंपा गई |
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि कल फिरोजपुर मंडल ने 50वीं श्रमिक स्पेशल ट्रेन का सफलतापूर्वक संचालन किया था | उन्होंने श्रमिकों को राष्ट्र का आधार स्तंभ की संज्ञा देते हुए बताया कि इनको सकुशल उनके मूल निवास स्थान तक पहुंचाने हेतु फिरोजपुर मंडल पूर्ण प्रतिबद्धता से अपने उत्तरदायित्व का संवहन कर रहा है एवं इस चुनौतीपूर्ण समय में संकल्पित भाव से राष्ट्र सेवा हेतु निरंतर प्रयत्नशील हैं |