
चंडीगढ़, 23 अप्रैल- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सोनिया गांधी द्वारा कोरोना महामारी को लेकर चर्चा में हरियाणा की दिक्क्तों पर प्रकाश डाला। सैलजा ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया। इस दौरान कुमारी सैलजा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को हरियाणा प्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों और इससे उपजे हालातों के बारे में जानकारी दी। कुमारी सैलजा ने बैठक में मुख्य रूप से हरियाणा प्रदेश में फसल खरीद और तंग हाल उद्योगों का मुद्दा उठाया।
कुमारी सैलजा ने बैठक में कहा कि हरियाणा प्रदेश में कोरोना महामारी और लॉकडाउन के समय में किसानों को फसल खरीद में बड़ी समस्या आ रही है। सरकार द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से ही फसल की खरीद करना, एक बार में फसल खरीद की सीमा तय करना, फसल खरीद बेहद ही धीमी गति से करना, किसानों की फसल में नमी बताकर उसमें कई किलो तक काटने जैसे फैसलों ने किसानों के सामने घोर संकट खड़ा कर दिया है। प्रदेश में 50 फीसद ऐसे किसान हैं, जिन्होंने अपनी फसल का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है, उनकी फसल खरीद अधर में लटक गई है। सरकार द्वारा बेहद ही धीमी गति से फसल की खरीद की जा रही है, इससे फसल की खरीद होने में कई महीने लग जाएंगे। पहले ही किसानों की फसल कटाई के लिए मशीनें और मजदूर उपलब्ध नहीं हो पाए थे, इसके बाद सरकार के फसल खरीद के इन फैसलों ने किसानों के सामने घोर संकट खड़ा कर दिया है। वहीं अब प्रदेश में कई स्थानों पर सरकार के गलत फैसलों के कारण आढ़ती हड़ताल पर चले गए हैं और फसल की खरीद बंद है, जिस कारण पहले ही सरकार के फैसलों से दुखी किसानों को कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है।
बैठक में कुमारी सैलजा ने प्रदेश में मौजूद उद्योगों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश में उद्योगों को खुलने की अनुमति तो दे दी, परन्तु सिर्फ दिखावे के लिए। इन उद्योगों पर तरह-तरह की शर्तें थोप दी गईं, जो पहले ही मंदी का सामना कर नाजुक दौर से गुजर रहे इन उद्योगों के लिए पूरा करना बिल्कुल भी संभव नहीं है। प्रदेश में बड़ी संख्या में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग आज बर्बादी की राह पर आकर खड़े हो गए हैं। यह उद्योग सरकार से बार-बार राहत की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा इनकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। प्रदेश में यह उद्योग सरकार से कह चुके हैं कि ऐसे समय में इनके लिए अपने मजदूरों और कर्मियों को वेतन देना मुमकिन नहीं है। कई जगह कर्मियों और मजदूरों की छंटनी भी शुरू कर दी गई है। इसके बावजूद सरकार इन छोटे बड़े उद्योगों को राहत देने की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। वहीं असंगठित क्षेत्र पर भी इस महामारी ने बड़ी चोट मारी है, जिससे हजारों लोगों का रोजगार छिन गया है। पहले ही हरियाणा प्रदेश की बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे अधिक थी। वहीं अब हरियाणा प्रदेश में भयावह हालत नजर आ रहे हैं, जिनसे निपटने के लिए एक बड़े आर्थिक राहत पैकेज की तुरंत प्रभाव से आवश्यकता है।
इसके साथ ही बैठक में कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में गरीब वर्ग और प्रवासियों को खाना, राशन सही तरीके से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो चुके हैं, ऐसे में इन लोगों को रोजी रोटी की चिंता सता रही है। इस महामारी के खिलाफ जुटे डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिसकर्मियों, सफाई कर्मियों को इस माहमारी से बचाव के जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, फिर भी कोरोना संक्रमण के टेस्ट तेज गति से नहीं हो पा रहे हैं।
इस दौरान कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा लोगों की मदद के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी पार्टी नेताओं को अवगत कराया।























