बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि किसानों को पूरी श्रतिग्रस्त फसल के लिए 20 हजा रूपए प्रति एकड़ तथा कम नुकसान के लिए 10 हजार रूपए प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए*
*चंडीगढ़/07अप्रैलः* शिरोमणी अकाली दल ने आज मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से कहा है कि वह राज्य के माझा और दोआबा क्षेत्रों में दो दिन पहले हुई ओलावृष्टि के कारण गेंहू की फसल के नुकसान के लिए तुरंत गिरदावरी का आदेश दें।
यहां एक प्रेस बयान जारी करते हुए पूर्व मंत्री सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने कह कि राज्य के विभिन्न भागों से आ रही रिपोर्टों के अनुसार ओलावृष्टि तथा आंधी के कारण गेंहू की फसलों का भारी नुकसान हुआ है। उन्होने कहा कि बहुत सी जगहों पर गेंहू की फसल पूरी तरह तबाह हो गई तथा इसकी कंबाईन हार्वेस्टरों से कटाई करनी संभव नही होगी। उन्होने कहा कि इस गेंहू की कटाई पर आने वाले अतिरिक्त खर्चे के लिए किसानों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।
सरदार मजीठिया ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह पूरी तरह श्रतिग्रस्त फसलों के लिए 20 हजार रूपए प्रति एकड़ का मुआवजा दें तथा कम नुकसान के लिए 10 हजार रूपए प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि इस प्राकृतिक विपदा के समय किसानों की सहायता करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है तथा सरकार को इस मामले में किसी भी किस्म की लापरवाही नही दिखानी चाहिए।
अकाली नेता ने सरकार से यह भी कहा कि वह पिछले रबी के सीजन के दौरान किसानों के हुए फसली नुकसान का मुआवजा जारी करें, जोकि बहुत सारे किसानों को अभी तक नही मिला है। उन्होने कहा कि मुआवजा देने में की जा रही ऐसी देरी कृषि अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख देगी।





















