
भाजपा में शामिल रवनीत सिंह बिट्टू आज पहुंचे इस जिले मे
कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा भव्य स्वागत
चंडीगढ़, 2 अप्रैल (विश्ववार्ता) कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल होने और लोकसभा चुनाव के लिए टिकट पाने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू मंगलवार को लुधियाना पहुंचेंगे। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने बताया कि रवनीत सिंह बिट्टू पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे।
प्रेस सचिव डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि रवनीत सिंह बिट्टू सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उन्हें काफिले के रूप में पार्टी कार्यालय लाया जाएगा, जहां वे पत्रकारों से बात करेंगे।
रवनीत सिंह बिट्टू पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पोते हैं. वह सिख आतंकवाद के खिलाफ लंबे समय से मुखर रहे हैं. रवनीत सिंह बिट्टू को राहुल गांधी का करीबी माना जाता था. पिछले लोकसभा चुनाव में बिट्टू लुधियाना सीट से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे.
पंजाब में भाजपा और अकाली दल के बीच लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन की बातचीत टूट गयी है. दोनों दल मिलकर चुनाव नहीं लड़ेंगे. अकाली दल लंबे समय तक एनडीए (NDA) में शामिल रही थी. साल 2019- 2020 में केंद्र सरकार की तरफ से लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ अकाली दल ने अपने आप को एनडीए से अलग कर लिया था. बीजेपी ने पंजाब की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. बिट्टू से पहले भी कई कांग्रेसी नेता बीजेपी का दामन थाम चुके हैं.





















