
हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर इस चरण में होगा मतदान
बनेंगे 19 हजार 812 मतदान केंद्र
चंडीगढ़, 1 अप्रैल (विश्ववार्ता) हरियाणा प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर छठे चरण में मतदान होगा। चुनाव आयोग के लिए 10 लोकसभा सीटों पर 19812 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2289 मतदान केंद्रों को असुरक्षित श्रेणी में रखा गया है। इसके साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग अनुराग अग्रवाल के अनुसार प्रदेश को 25 मई को होने वाले मतदान कें 1.98 करोड़ मतदाता लोकतंत्र के पर्व में हिस्सा लेंगे। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से मतदान के लिए चुनाव आयोग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से सुरक्षा बलों की 200 कंपनियां की डिमांड की है। वर्ष 2019 के चुनाव में हरियाणा को सुरक्षा बलों की 95 कंपनियां मिली थी। इस बार कितनी कंपनियां मिलेगी, इसका अंतिम फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय, तमाम परिस्थितियों और संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों की संख्या के आधार पर लेगा। चुनावों में सुरक्षा तैयारियों को लेकर तीन अप्रैल को हाई लेवल मीटिंग होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेशभर में 2289 मतदान केंद्रों को ‘असुरक्षित’ तथा 63 बूथों को अति-संवेदनशील माना है। ऐसे मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध होगा। अतिरिक्त पुलिस बल को यहां तैनात किया जाएगा। जहां बूथ कैप्चरिंग या फिर मतदाताओं को डरा-धमका कर पार्टी या प्रत्याशी विशेष के लिए मतदान करवाए जाने की आशंका है, ऐसे बूथों को असुरक्षित कैटेगरी में रखा है। वहीं अति-संवेदनशील बूथ उन्हें माना है, जहां पिछले चुनाव में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। इसमें से भी 75 प्रतिशत मत एक ही उम्मीदवार को मिले। वहीं 10 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों को भी अति-संवेदनशील कैटेगरी में शामिल किया है। एक हजार मतदाताओं की संख्या पर एक मतदान केंद्र बनाया है। हालांकि एक हजार से 1500 के बीच मतदाताओं वाली संख्या के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।





















