
चंडीगढ़, 14 मार्च (विश्ववार्ता) हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। उनकी सीएम पद पर नियुक्ति को चुनौती देते हुए वकील जगमोहन भट्टी ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। हरियाणा के सीएम नायब सैनी की नियुक्ति के खिलाफ पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। वकील जगमोहन भट्टी ने सीएम की नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
जगमोहन भट्टी ने कहा ‘कैबिनेट मंत्री की नियुक्ति अवैध है’- इसमें तो जो बीजेपी हाई कमान का आदेश है उसका पालन किया है तो उस हिसाब से ये शपथ भी गलत है। मैंने कई चीजें उठाई हैं। अगर माननीय मुख्यमंत्री जी इस तरह से बनाए जाएंगे तो फिर संविधान की क्या जरूरत रह गई। ये संविधान को कमजोर करने की चेष्ठा है। इसका हरियाणा सरकार आकर और भारत सरकार आकर जिनको मैंने पार्टी बनाया है नए मुख्यमंत्री और उनके पांच सदस्य कैबिनेट टीम के, वो आकर जवाब देंगे। सबसे बड़ी बात ये है कि अगर मुख्यमंत्री की जो नियुक्ति इस हिसाब से असंवैधानिक है तो इनके वो पांच सदस्य भी टीम के, जो कैबिनेट मंत्री हैं उनकी भी नियुक्ति अवैध है। इस हिसाब से इनके निलंबन की भी मैंने मांग की है।
कुरुक्षेत्र से सांसद हैं सैनी
नायब सिंह सैनी वर्तमान में कुरुक्षेत्र से सांसद और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वह 2014 में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक और हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वे भारतीय जनता पार्टी में अनेक पदों पर भी रहे है। नायब सिंह सैनी का जन्म 25 जनवरी 1970 को अंबाला के एक छोटे से गाँव मिर्ज़ापुर माजरा में हुआ। उन्होंने बीए, एलएलबी तक की शिक्षा ग्रहण की है।
बता दें कि मनोहर लाल के इस्तीफा के बाद मंगलवार को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हरियाणा राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नायब सिंह सैनी को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई थी। इस अवसर पर कंवर पाल, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह, जय प्रकाश दलाल और डॉ. बनवारी लाल को भी मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी।






















