
हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार का आज सदन में बहुमत परीक्षण
क्या बहुमत साबित कर पाएंगे नायब सिंह सैनी?
चंडीगढ़, 13 मार्च (विश्ववार्ता) हरियाणा में बीजेपी की नई सरकार बन गई है. पार्टी ने मनोहर लाल खट्टर की जगह अब नायब सिंह सैनी के हाथों में हरियाणा की कमान सौंपी है. नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली है। उनके साथ 5 और विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई. अब आज विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होगा जहां, सैनी को बहुमत साबित करना होगा। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने बुधवार को एक दिन का विधानसभा सत्र बुलाया है। सत्र के दौरान सरकार विश्वास मत हासिल करेगी।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज सुबह 11 बजे विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि सदन में हमारी सरकार निश्चित रूप से बहुमत हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हरियाणा राजभवन में पांच मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। इनमें सबसे वरिष्ठ मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पंडित मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह चौटाला, जयप्रकाश दलाल और डॉ. बनवारी लाल शामिल हैं। यह पांचों मंत्री निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट में मंत्री थे, जिन्हें नये मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी नई कैबिनेट में शामिल किया है।
हरियाणा मंत्रिमंडल में अभी आठ पद खाली हैं। बहुत जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। विस्तार के दौरान ही कैबिनेट में नये चेहरों को शामिल किया जाएगा। सरकार को समर्थन दे रहे छह निर्दलीय विधायकों में से रानियां विधायक रणजीत सिंह को कैबिनेट में शामिल किया जा चुका है। निर्दलीयों में से कुछ और को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद है।





















