महिला प्रीमियर लीग 2024 के 19वें मैच में बैंगलोर ने मुंबई को हराया
चंडीगढ़, 13 मार्च (विश्ववार्ता) रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ स्मृति मंधाना की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली तीसरी टीम बन गई। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। हालांकि, इस हार से मुंबई का अब पहले स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई करने की बेहद कम संभावना है। दिल्ली को गुजरात से मैच खेलना है। दिल्ली की बड़ी हार ही उसे पहले स्थान से हटा पाएगी। मुंबई ने लीग राउंड में अपने सभी आठ मैच खेल लिए हैं और उसके 10 अंक हैं।
वहीं, दिल्ली के सात मैच के बाद 10 अंक हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आठ मैचों में आठ अंक के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। इसी के साथ यूपी वॉरियर्स और गुजरात जाएंट्स बाहर हो गई हैं। यूपी के छह और गुजरात के चार अंक हैं। शीर्ष स्थान पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की पूरी टीम 19 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। एलिस पेरी ने घातक गेंदबाजी करते हुए छह विकेट लिए। बैंगलोर ने 15 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। एलिस पेरी 40 रन और ऋचा घोष 36 रन बनाकर नाबाद रहीं।






















