
चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे की सेवानिवृत्ति और अरुण गोयल के अचानक इस्तीफे के बीच कौन लेगा उनकी जगह?
पीएम मोदी ने इस तारिख को बुलाई बैठक, नए चुनाव आयुक्त के नाम पर होगी चर्चा
विपक्षी दल इसको लेकर बीजेपी पर हमलावर
चंडीगढ़, 11 मार्च (विश्ववार्ता) चुनावी तारीखों के ऐलान के ठीक पहले चुनाव आयोग के आयुक्त अरुण गोयल के इस्तीफे के बाद एक बड़ा बवाल मच गया है। विपक्षी दल इसको लेकर बीजेपी पर हमलावर हैं। इस बीच एक बड़ा सवाल यह है कि अरुण गोयल के बाद अब चुनाव आयुक्त का पद कौन संभालेगा। इसको लेकर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में 15 मार्च को अहम बैठक होगी।सूत्रों ने यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की संभावित घोषणा से कुछ दिन पहले ही गोयल ने शुक्रवार सुबह चुनाव आयुक्त के पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और कानून मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर इसकी घोषणा की।
इससे मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार चुनाव प्राधिकरण के एकमात्र सदस्य रह गये हैं। पांडे 14 फरवरी को सेवानिवृत्त हुए हैं। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के नेतृत्व में एक खोज समिति दोनों पदों के लिए पहले पांच-पांच नामों के दो अलग-अलग पैनल तैयार करेगी। इस समिति में गृह सचिव और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के सचिव शामिल होंगे। बाद में, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली एक चयन समिति, जिसमें एक केंद्रीय मंत्री और लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी शामिल होंगे, चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्ति के लिए दो व्यक्तियों का नाम तय करेगी। इसके बाद चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाएगी।
गोयल और कुमार के बीच मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए सूत्रों ने कहा कि आंतरिक संचार और निर्णयों के रिकॉर्ड से पता चलता है कि गोयल द्वारा कोई असहमति दर्ज नहीं की गई थी। शुक्रवार की सुबह इस्तीफा देने वाले गोयल चुनाव ड्यूटी के लिए पूरे भारत में केंद्रीय बलों की तैनाती और आवाजाही को सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग और गृह मंत्रालय तथा रेलवे के शीर्ष अधिकारियों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं हुए थे।























