
चंडीगढ़ नगर निगम की कल बुलाई बैठक का एजेंडा हुआ जारी
देखें कितने प्रस्ताव रखे जाएंगे
चंडीगढ़, 10 मार्च (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ नगर निगम ने आगामी 11 मार्च यानि की कल को बैठक का एजेंडा जारी किया है। बैठक सुबह 11 बजे बुलाई गई है। इसमें फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी का चुनाव कराया जाएगा। बैठक के एजेंडे में 3 प्रस्ताव रखे गए हैं।
इसमें 9 जनवरी को हुई नगर निगम की 330वीं बैठक में पास किए गए प्रस्तावों पर सहमति देने के लिए पहले एजेंडा लाया गया है। वहीं दूसरा एजेंडा 2024 के लिए फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी का चुनाव कराने को लेकर है। तीसरे प्रस्ताव तीन दूसरी कमेटियों के गठन से संबंधित है। इसमें वाटर सप्लाई और सीवरेज डिस्पोजल कमेटी, रोड कमेटी, हाउस टैक्स असेसमेंट कमेटी का भी गठन किया जाएगा।
चंडीगढ़ नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी में भी भाजपा अपना दबदबा बनाने की तैयारी कर रही है। इसमें कुल 5 सदस्य होते हैं। एक सदस्य को 7 वोटों की जरूरत होती है। ऐसे में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा को कुल 19 वोट पड़े थे। 2 सदस्यों के चुनाव जीतने के बाद भाजपा के पास 5 वोट बाकी रह जाते हैं।
वहीं कांग्रेस के 7 पार्षद हैं, तो एक सदस्य कांग्रेस का बन जाएगा। आम आदमी पार्टी के पास 10 पार्षद हैं, तो एक सदस्य आम आदमी पार्टी का भी बनेगा। लेकिन इसके बाद आम आदमी पार्टी के पास 3 वोट बच जाएंगे। नियमों के अनुसार, जिस पार्टी के पास ज्यादा वोट बचे हो उसके सदस्य को चुना जाता है। ऐसे में भाजपा के 3 सदस्य चुने जा सकते हैं।























