
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता, नफे सिंह राठी हत्याकांड में दो शार्पशूटर गिरफ्तार
पुलिस ने दी जानकारी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आईएनएलडी नेता नफे सिंह की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में गोवा में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। इनेलो की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष राठी की 25 फरवरी को राज्य के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिला पुलिस ने बताया कि आरोपियों को हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस के संयुक्त अभियान में गोवा से पकड़ा गया। झज्जर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अर्पित जैन ने शनिवार को कहा था कि मामले में शामिल सभी चार शूटर की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
टेक्निकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी गोवा में मौजूद है और वहां से दूसरी जगह निकलने की तैयारी में है. पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपी नेपाल के जरिए बाहर जाने की फिराक में थे. उधर, दो अन्य शूटर अतुल और नकुल के पीछे पुलिस लगी है. दोनों की भी जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है.
इसके साथ ही ये भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से जुड़े हुए हैं. दोनों शूटरों को झज्जर पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया है. दोनों शूटरों की गिरफ्तारी के बाद सुबह की फ्लाइट से पुलिस उन्हें लेकर बहादुरगढ़ आएगी. सोमवार दोपहर बाद ही दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ कोर्ट में पेश किया जाएगा.























