
पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन रहा हंगामेदार
किसान आंदोलन को लेकर हुआ हल्लाबोल
चंडीगढ़, 1 मार्च (विश्ववार्ता) पंजाब विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। बजट सत्र का आगाज हंगामे की शुरूआत से हुआ।
विधानसभा की कार्यवाही के पहले दिन गवर्नर का अभिभाषण शुरू होते ही किसान आंदोलन पर जबरदस्त हंगामा हो गया। कांग्रेस विधायकों ने गवर्नर की स्पीच बीच में रोक दी। उन्होंने किसान आंदोलन और उसमें शुभकरण की मौत का मामला उठाया।
सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के बीच किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित हंगामे के कारण अपना अभिभाषण पूरा नहीं पढ़ पाए। वहीं हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
कांग्रेस की इस हरकत को देखते हुए राज्यपाल ने कहा कि आपको बात रखने का पूरा मौका मिलेगा। बता दें कि पंजाब विधानसभा सत्र आज से शुरू हो गया है। यह सत्र 15 मार्च तक चलेगा। वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में आगामी लोकसभा चुनाव की झलक दिखेगी। पंजाब सरकार बजट में नई परियोजनाओं और योजनाओं की तस्वीर दिखाएगी।
इससे पहले भी प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि यह भी पता चला है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुफिया और पुलिस अधिकारियों का इस्तेमाल कर किसान संगठनों में फूट डाली और आंदोलन को विफल करने की साजिश रची और यह सब अब सामने आ गया है। अब यह भी स्पष्ट हो गया है कि भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मंत्री गगन अनमोल मान ने विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता हासिल करने के लिए पंजाब के लोगों और किसानों को कैसे बेवकूफ बनाया और झूठ बोला।
बाजवा ने कहा कि विपक्ष की ओर से इस मामले को लेकर विधानसभा में सरकार को घेरने की तैयारी की गई है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने चुनाव से पहले पंजाब में माफिया खत्म करने, नशा खत्म करने, राजस्व वसूली, कानून व्यवस्था, किसानों, पंजाबियों और महिलाओं के लिए १००० रुपये देने का वादा किया था। कांग्रेस इन मुद्दों पर भी आप सरकार को घेरेगी।























