हरियाणा पुलिस की प्रदर्शनकारी किसानों को चेतावनी
अंबाला के DSP जोगिन्दर शर्मा ने किसानों को लेकर कहीं ये बात
चंडीगढ़, 29 फरवरी (विश्ववार्ता)हरियाणा सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर प्रदर्शन कर रहे किसानों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेने का फैसला किया है. पंजाब-हरियाणा स्थित शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के पासपोर्ट और वीजा रद्द करने की तैयारी की जा रही है. प्रशासन ने कहा है कि उन लोगों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा, जो ‘उपद्रव’ कर रहे हैं. इनकी पहचान की जा रही है. बता दें कि 13 फरवरी से शंभू बॉर्डर पर किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
किसान आंदोलन पार्ट 2 में हिस्सा लेने वाले युवा किसानों के लिए हरियाणा सरकार मुश्किलें बढ़ाएगी। युवा किसान जो शंभू बॉर्डर पर बॉर्डर की तरफ बढ़ रहे हैं या किसी भी तरह का उपद्रव मचाते कैमरे में कैद हो गए उनकी पहचान के बाद उनके पासपोर्ट और वीजा रद्द करने की तैयारी कर रहे हैं। अंबाला पुलिस के डीएसपी जोगिन्दर शर्मा ने ये जानकारी दी हैं। बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस द्वारा लगाए गए बड़े-बड़े आईपीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों से हर चेहरे को कैद कर उसका रिकॉर्ड पासपोर्ट ऑफिस में भेजने की तैयारी हैं।
हरियाणा के किसानों ने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी और अन्य मांगों को लेकर ‘दिल्ली चलो(Delhi Chalo)’ आंदोलन का आह्वान किया है. अब तक ये किसान सरकार के प्रतिनिधियों से कई बार बातचीत कर चुके हैं लेकिन इन बातचीत से कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
इस बीच इन किसानों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड्स, कील और स्टार बाड़ के साथ-साथ आंसू गैस के कनस्तरों और पानी के कनस्तरों का भी इस्तेमाल किया. इसके चलते इन किसानों को दिल्ली शहर में प्रवेश करने से रोक दिया गया है, लेकिन किसानों का आंदोलन अभी भी जारी है।
























