
हरियाणा को पहली बार मिला राज्य गीत
विधानसभा मे सुनाई दी पंक्तियां, जय जय जय हरियाणा की गूंज
चंडीगढ़, 29 फरवरी (विश्ववार्ता): हरियाणा को पहली बार राज्य गीत मिल गया है। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता की ओर से गठित राज्य गीत चयन समिति की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत करने के बाद बुधवार को यह सदन में सुनाया गया। दो गायकों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों को सदन में रखा गया। विधान सभा के शीतकालीन सत्र 2023 के दौरान 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से सदन में 3 गीतों के प्रारूप पेश किए गए थे। इन तीनों गीतों पर व्यापक चर्चा के बाद सदन में गीत के चयन के लिए कमेटी बनाने पर सहमति बनी थी।
गौरतलब है कि विधान सभा के शीतकालीन सत्र 2023 के दौरान 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से सदन में 3 गीतों के प्रारूप पेश किए गए थे। इन तीनों गीतों पर व्यापक चर्चा के बाद सदन में गीत के चयन के लिए कमेटी बनाने पर सहमति बनी थी। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अध्यक्षता में यह कमेटी गठित की। विधायक बिशम्बर सिंह इस समिति में उप-सभापति तथा विधायक गीता भुक्कल, जोगी राम सिहाग और नीरज शर्मा को बतौर सदस्य शामिल किया गया।
समिति ने राज्यगीत में प्रदेश की उत्सवधर्मी संस्कृति और हरियाणवियों की सादगी जैसी मूल विशेषताओं को इंगित करने का प्रयास किया है। इसमें प्रदेशवासियों के आपसी भाईचारे, शिक्षा और व्यापार का भी विशेष वर्णन किया गया है। गीत में जहां हरियाणवी लोक जीवन को काव्यबद्ध किया गया, वहीं इसमें प्रदेश का गौरव बढ़ाते किसानों, वीर-सैनिकों और खिलाडिय़ों के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।
समिति की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह गीत जहां प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सम्बल प्रदान करेगा वहीं, यह प्रदेश के कण-कण में व्याप्त राष्ट्र गौरव के भाव को भी पुष्ट करेगा।
पूरा गीत इस प्रकार है :-
जय जय जय हरियाणा
जय जय जय हरियाणा
पावन धरती वेदों की,
जहां हुआ हरि का आणा ।।
जय जय जय हरियाणा….. 2
1. गीता ज्ञान धरोहर इसकी,
महाभारत इतिहास।
मुकुट शिवालिक आधार अरावली,
यमुना बहती पास।
मौज मनावैं, कातक न्हावैं,
पूरी मन की आस।
सरस्वती के अमृत रस का,
यहीं सदा है वास।
सादा जीवन सादा बाणा,
दूध दही का खाणा।
जय जय जय हरियाणा …..2
2. छैल छबीले मर्द निराले,
सुन्दर स्याणी नार।
होली, दिवाली, ईद, गुरपुरब,
मनते तीज त्योहार।
भाईचारा जग से न्यारा
बढे प्यार में प्यार।
दिन दूणा अर रात चौगुणा,
शिक्षा और व्यापार।
बजते डेरू, ढोल, नगाड़े,
सांग, रागणी गाणा।
जय जय जय हरियाणा …..2
3. उपजाते हैं फसल सुनहरी,
खेतों बीच किसान।
खेल खिलाड़ी मैडल लाकर
करें देश का मान।
सीमाओं पर हरदम चौकस
यहां के वीर जवान।
छोटा सा प्रदेश, देश की
अजब निराली शान।
अतिथि देवो भव: यहां
सेवा धर्म निभाणा।
जय जय जय हरियाणा …..2
जय जय जय हरियाणा …..1





















