
चंडीगढ़ के नए मेयर कुलदीप कुमार की ताजपोशी आज
पढिये क्या है हाईकोर्ट का आदेश
चंडीगढ, 28 फरवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ के नए मेयर कुलदीप कुमार की ताजपोशी आज होनी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें यह कुर्सी मिली है। मंगलवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने अपना पदभार नहीं संभाला था। लेकिन हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद आज वह अपना पदभार संभालेंगे। वहीं, 4 मार्च को सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव कराया जाएगा।
अधिसूचना के अध्ययन के बाद हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए चुनाव की वीडियोग्राफी करवाने और मेयर कुलदीप कुमार को 28 फरवरी को पद संभालने व 4 मार्च को चुनाव संपन्न करवाने का आदेश दिया है।
आपको बता दें कि अब 4 मार्च को सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव होंगे और इसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएगे। इसके साथ ही कहा गया है कि उम्मीदवारों द्वारा नए सिरे से नामांकन दाखिल किया जाएगा। उम्मीदवार 28 और 29 फरवरी को नामांकन दाखिल कर सकेंगे। वहीं कुलदीप कुमार कल मेयर का पद संभालेंगे।
हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि मेयर कुलदीप कुमार 28 फरवरी को सुबह 10 बजे अपना पद संभालेंगे और 28 व 29 फरवरी को सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद मेयर यह सुनिश्चित करेंगे कि 4 मार्च को दोनों पदों के लिए चुनाव को संपन्न करवाया जाए। चुनाव के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाए और कोई भी पार्षद अपने किसी समर्थक या सुरक्षा के साथ वोटिंग के लिए नहीं पहुंचेगा। सभी पार्षदों की सुरक्षा चंडीगढ़ पुलिस सुनिश्चित करेगी और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि परिसर के आस-पास किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो। चुनाव के दौरान नामित पार्षदों के प्रवेश पर रोक को मांग को हाईकोर्ट ने नकार दिया।





















