
आप ने दिल्ली और हरियाणा में उम्मीदवारों का किया ऐलान
पढ़ें पार्टी ने किसे कहां से दिया टिकट
चंडीगढ, 27 फरवरी (विश्ववार्ता) लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ सीटों का समझौता होने के बाद आम आदमी पार्टी ने आज उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया। पार्टी ने दिल्ली की चार और हरियाणा की एक सीट पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा की है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद पांच नामों की घोषणा की गई। आप ने दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती को नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से, कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार को पूर्वी दिल्ली सीट से, सहीराम पहलवान को दक्षिणी दिल्ली से और पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है।
पार्टी ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की अपने सहयोगी कांग्रेस से हाथ मिलाया है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच हुए समझौते के तहत आप दिल्ली में चार और कांग्रेस तीन लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोकसभा की कुल सात सीट है।
दिल्ली की चार सीटों पर ये हैं उम्मीदवार
पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार
नई दिल्ली से सोमनाथ भारती
पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा और
दक्षिणी दिल्ली से सहीराम को उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर आम ने सुशील गुप्ता के नाम मुहर लगाई है।
तीन विधायक लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
आप नेता और दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने पार्टी मुख्यालय से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इससे पहले इस में पीएसी (पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी) की बैठक हुई। पार्टी ने बैठक खत्म होने के बाद ही दिल्ली और हरियाणा में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। दिल्ली में तीन मौजूदा विधायकों (सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार और सहीराम) को टिकट मिला है।























