सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव आज
सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार होगा इलेक्शन-DC
नोटिफिकेशन को गठबंधन की तरफ से हाईकोर्ट में चुनौती
चंडीगढ, 27 फरवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ के सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के आज चुनाव होने हैं। हालांकि मेयर व पीठासीन अधिकारी कुलदीप कुमार शहर में नहीं हैं। अगर वह निगम नहीं पहुंचेंगे तो चुनाव टल जाएगा। वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद डीसी ने 27 फरवरी को चुनाव कराने के आदेश जारी किए थे। सोमवार को कांग्रेस ने इस आदेश को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दे दी। वकील करणवीर सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में रेगुलेशन और नियमों के अनुसार सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर कराने के निर्देश दिए थे। उसके अनुसार डीसी को दोबारा से नॉमिनेशन से लेकर चुनाव की पूरी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था लेकिन डीसी ने ऐसा न करते हुए सीधे मतदान के दिन की घोषणा कर दी। यह सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार नहीं है। इसलिए डीसी के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को याचिका पर सुनवाई होगी।
शुक्रवार को डिप्टी कमिश्नर की ओर से सुप्रीम कोर्ट की जजमेंट कापी मिलने के बाद बाकी दोनों पदों पर चुनाव को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। पंजाब म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट 1976 के तहत मेयर का चुनाव किया जाता है, जिसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होता है। उपायुक्त की ओर से जारी निर्देशों के तहत दोनों पदों पर चुनाव के लिए मेयर कुलदीप कुमार को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।























