
अगले तीन महीने ‘मन की बात’ पर लगेगी रोक, पीएम मोदी ने बताई यह वजह
चंडीगढ, 25 फरवरी (विश्ववार्ता) पीएम नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 110वें एपिसोड के समापन के दौरान बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अगले तीन महीने तक मन की बात का प्रसारण नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का इस बार 110वां एपिसोड प्रसारित हुआ। इस एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं और उनके सशक्तिकरण को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं देश के विकास और उन्नति में कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज सरकार भी तमाम योजनाओं की मदद से महिलाओं को सशक्त बना रही है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संभावना है कि मार्च में आचार सहिंता लग जाए। इस दौरान मन की बात का कार्यक्रम नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि आचार सहिंता लगने के बाद कार्यक्रम का संचालन नहीं हो पाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही दिन बाद 8 मार्च को हम ‘महिला दिवस’ मनाएंगे। ये विशेष दिन देश की विकास यात्रा में नारी-शक्ति के योगदान को नमन करने का अवसर होता है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले हम यह सोच भी नहीं सकते थे कि देश की महिलाएं ड्रोन उड़ाएंगी, लेकिन अब यह संभव है। आज देश में ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है, जहां नारी शक्ति पीछे हो।
निर्वाचन आयोग के एमसीसी दिशानिर्देश सरकारों पर आधिकारिक कार्यक्रमों या सार्वजनिक-वित्त पोषित मंचों का उपयोग किसी ऐसी चीज के लिए करने पर रोक लगाती है जिनसे सत्तारूढ़ पार्टी का प्रचार हो या राजनीतिक लाभ मिले। उन्होंने कहा, ‘‘देश में लोकसभा चुनाव का माहौल है और जैसा पिछली बार हुआ था, संभावना है कि मार्च के महीने में आचार-संहिता भी लग जाएगी।” प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ‘मन की बात’ की बहुत बड़ी सफलता है कि इसकी पिछली 110 कड़ियों को ‘सरकार की परछाई से भी दूर’ रखा गया है।























