
पंजाब सीएम मान द्वारा अभिभावकों को 15 मार्च तक अपने बच्चों को ‘स्कूल आफ एमिनेंस’ में दाखि़ल करवाने की अपील
चंडीगढ, 25 फरवरी (विश्ववार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज स्कूली विद्यार्थियों के अभिभावकों को राज्य सरकार द्वारा स्थापित किये ‘स्कूल आफ एमिनेंस’ में अपने बच्चों को दाखि़ल करवा कर राज्य की शिक्षा क्रांति का हिस्सा बनने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिभावक https://schoolofeminence.pseb.ac.in लिंक पर क्लिक करके अपने बच्चों को इन विश्व स्तरीय सहूलतों से लैस स्कूलों में 9वीं और 11वीं कक्षा में दाखि़ल करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दाखि़ले के लिये रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है और 15 मार्च तक चलेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अभिभावकों के लिए यह सुनहरी मौका है कि वह इन स्कूलों में अपने बच्चों को दाखि़ला करवा कर उनके लिए मानक शिक्षा यकीनी बनाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्चों को मानक शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य के 23 जिलों में 117 ‘स्कूल आफ एमिनेंस’ स्थापित किये गए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को भावी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में 9वीं से 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को मानक शिक्षा प्रदान की जाती है।





















