
पंजाब, हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में आज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट
चंडीगढ, 20 फरवरी (विश्ववार्ता) मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रेड अलर्ट के बीच सोमवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर दिन भर भारी हिमपात हुआ। मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश भी हुई। पंजाब और उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में भी बारिश हुई और गरज के साथ ओले पड़े।
इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चली और कहीं-कहीं आसमान में बादल छाए रहे। अभी दो दिन ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है, खासकर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और पश्चिमी यूपी में कहीं बारिश, तो कहीं तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक शहर में बारिश के अच्छे आसार हैं। पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जिससे दिन का तापमान बढ़ गया है.। सोमवार, मंगलवार और बुधवार को गरज के साथ बारिश हो सकती है। अगर बारिश हुई तो तापमान पर बड़ा असर पड़ेगा। इसके साथ ही केंद्र के मुताबिक, आने वाले दिनों में 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी दर्ज की जा सकती हैं। स्थिति को देखते हुए सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तापमान की बात करें तो रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रहा।





















