
चंडीगढ़ मेयर चुनाव मामले मे आज सुप्रीम कोर्ट मे अहम सुनवाई
यह लोकतंत्र की हत्या है- सुप्रीम कोर्ट
चंडीगढ, 19 फरवरी (विश्ववार्ता)चंडीगढ़ के मेयर मनोज सोनकर ने इस्तीफा दे दिया है। 30 जनवरी को उन्हें मेयर चुना गया था। उनके चयन पर काफी विवाद हुआ था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था। आज इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे पहले, रविवार रात मेयर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जेपी मल्होत्रा ने इसकी पुष्टि की है।
इस मामले में पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये साफ है कि रिटर्निंग ऑफिसर ने मतपत्रों को विकृत किया है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर को लेकर कहा- “क्या वह इसी तरह से चुनाव आयोजित करते हैं? यह लोकतंत्र का मजाक है। यह लोकतंत्र की हत्या है। हम हैरान हैं। इस आदमी पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। क्या यह रिटर्निंग ऑफिसर का व्यवहार है?”
क्या है पूरा मामला?
दरअसल चंडीगढ़ में हुए मेयर के चुनाव में बीजेपी ने जीत हासिल की थी। जिसको लेकर आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने बेईमानी से चुनाव जीता है। इस मामले को लेकर खूब हंगामा हुआ और दोनों पार्टियों की तरफ से बयानबाजी भी हुई। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम कार्यालय के बाहर अनशन भी शुरू कर दिया था।
आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के तीन पार्षद पूनम देवी, नेहा मुसावत और गुरचरण काला दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। तीनों का कहना है कि वे पीएम मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। नेहा ने कहा कि आप ने हमसे झूठे वादे किये थे।























