बीकेयू के किसान नेता राकेश टिकैत का बड़ा ऐलान
इन चार राज्यों में धरना देंगे किसान
चंडीगढ, 18 फरवरी (विश्ववार्ता) किसान आंदोलन के बीच भाकियू की मासिक पंचायत में राकेश टिकैत ने बड़ा बयान दिया है. किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के साथ देशभर के किसान दिल्ली के बॉर्डर तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रैक्टर ट्राली के साथ रहेंगे। पंचायत ने हरियाणा और पंजाब में हुई घटनाओं की भी निंदा की है। यह पंचायत संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा द्वारा बुलाए गए किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के बीच आयोजित की गई थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी के अलावा, किसान कृषकों के कल्याण के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, किसानों और खेत मजदूरों के लिए पेंशन तथा कर्ज माफी, लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों के लिए “न्याय”, भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 को बहाल करने और पिछले आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों के परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं।
केंद्र सरकार पर दबाव डालने के लिए किसान पंजाब और हरियाणा के दो सीमा बिंदुओं पर मौजूद हैं जहां उनकी हरियाणा के पुलिस कर्मियों के साथ झड़प हुई है और पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे हैं।
























