
देश में प्रदर्शनकारी किसानों पर हो रहे अत्याचार को लेकर आज होगा महापंचायत का आयोजन
चंडीगढ, 17 फरवरी (विश्ववार्ता) भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि देश में प्रदर्शनकारी किसानों पर हो रहे अत्याचार पर चर्चा के लिए आज यूपी के मुजफ्फरनगर में महापंचायत आयोजित की जाएगी। संयुक्त किसान मोर्चा के पिछले आंदोलन में अगुवाई कर चुकी भाकियू ने रुख तय करने के लिए शनिवार को सिसौली में पंचायत बुलाई है। पांच राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रणा कर रणनीति तय की जाएगी। आंदोलन के हरियाणा पहुंचते ही पश्चिम यूपी के किसान भी बॉर्डर पर डट सकते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, टिकैत ने फेसबुक पर किए पोस्ट में कहा कि आप सभी किसानों व भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को संदेश दिया जाता है कि राष्ट्रीय कार्य समिति के निर्णयानुसार 17 फरवरी 2024 को उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर स्थित किसान भवन सिसौली में मासिक पंचायत का आयोजन किया जाएगा,जिसमें देश के मौजूदा हालात व आंदोलन कर रहे किसानों पर हो रहे जुल्म को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मासिक पंचायत में उत्तर प्रदेश,उत्तराखंड,दिल्ली,हरियाणा के भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
आपको बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और ऋण माफी पर कानून सहित अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। किसानों की मंगलवार को हरियाणा पुलिस से पंजाब से लगती राज्य की सीमा पर दो स्थानों पर झड़प हो गई थी जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे थे और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया था। किसान दिल्ली जाने की कोशिश कर रहे थे।
मुद्दे वही, मोर्चे बनाए गए अलग-अलग
पिछला किसान आंदोलन संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली की सीमा पर किया था। भाकियू टिकैत भी संयुक्त किसान मोर्चा का हिस्सा है। इस बार पंजाब के किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा अराजनैतिक के बैनर तले आंदोलन शुरू किया है। हालांकि दोनों के मुद्दे एमएसपी की गारंटी और स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट ही हैं। किसानों पर दर्ज पुलिस केस वापस लेने जैसी मांगों पर सहमति बन चुकी है। दूसरे मोर्चा में होने के चलते भाकियू में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
हरियाणा में आंदोलन शुरू तो बढ़ेंगी मुश्किलें
आंदोलन का असर अभी तक पंजाब में अधिक है। हरियाणा में किसान आंदोलन के मैदान में नहीं उतरे। पंजाब से सटे अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली में जरूर किसान संगठन अलर्ट मोड़ पर है। अगर पंजाब के किसान हरियाणा से होते हुए दिल्ली की सीमा पर पहुंचे तो पश्चिम यूपी में किसान मोर्चा संभाल सकते हैं।





















