
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल जारी
शुरूआती झटको से भारत उभरा, रोहित ने जमाया शानदार शतक
65 ओवर के बाद जानिये भारत का क्या हुआ स्कोर
चंडीगढ, 15 फरवरी (विश्ववार्ता):भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का तीसरा मैच राजकोट में खेला जा रहा है। निरंजन शाह स्टेडियम में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। ध्रुव जुरेल और सरफराज खान ने डेब्यू किया। रोहित का यह फैसला उस समय गलत साबित हुआ जब भारत को 33 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। इस समय भारत का स्कोर 4 विकेट पर 238 रन हो गया है।
यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल के बाद रजत पाटीदार भी पवेलियन लौट चुके हैं। वुड ने यशस्वी और शुभमन को आउट किया, जबकि टॉम हार्टले ने रजत को पवेलियन भेजा। यशस्वी 10 रन, शुभमन खाता खोले बिना और रजत पांच रन बनाकर आउट हुए। भारत की यह बल्लेबाजी लाइन अप अनुभवहीन है। मध्यक्रम में तो सरफराज और ध्रुव के रूप में दो डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं। ऐसे में इंग्लैंड की टीम इस चीज का पूरा फायदा उठाने की कोशिश में लगी है। टीम ने शुरुआती एक घंटे में तीन विकेट गिराकर दबदबा दिखाया है।
रोहित शर्मा ने 157 गेंद पर शतक जड़ दिया है। उनके टेस्ट करियर का यह 11वां शतक रहा। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ 150 से ज्यादा की साझेदारी भी कर ली है। रोहित ने टेस्ट में जुलाई 2023 के बाद पहला शतक जड़ा है। उनका पिछला शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ जुलाई में आया था। तब उन्होंने विंडसर पार्क में 103 रन की पारी खेली थी।























