
किसानों का सरकार के विरूद्ध आज तीसरे दिन भी जोरदार प्रदर्शन
अब रेल पटरियों पर बैठे किसान, कई ट्रेनें कर दी गई रद्द
हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने दें सरकार : सरवन सिंह पंढेर
चंडीगढ, 15 फरवरी (विश्ववार्ता): किसानों का विरोध प्रदर्शन का आज तीसरे दिन है। इस बीच पंजाब-हरियाणा सीमा पर आंदोलनकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच चल रहे गतिरोध के बीच 3 केंद्रीय मंत्रियों का एक पैनल आज चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसान नेताओं के साथ एक और दौर की बैठक करेगा। इस बैठक में कृषि और किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने वाले कानून सहित उनकी विभिन्न मांगों को लेकर शाम 5 बजे यहां किसान नेताओं से मुलाकात करेंगे।
बता दें, 8 और 12 फरवरी को हुई पिछली दो बैठकें बेनतीजा रही थी। पंजाब के किसान पंजाब और हरियाणा की शंभू और खनौरी सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं और केंद्र पर अपनी मांगें मानने के लिए दबाव बनाने के लिए दिल्ली की ओर मार्च करना चाहते हैं।किसान नेताओं ने कहा कि वे बैठक होने तक राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढऩे का कोई नया प्रयास नहीं करेंगे, उन्होंने कहा कि प्रस्तावों के आधार पर अगली कार्रवाई तय की जाएगी।
प्रदर्शनकारी आज पंजाब में रोकेंगे ट्रेनें
भारती किसान यूनियन (एकता उगराहां) और बीकेयू डकौंडा (धनेर) ने गुरुवार को राज्य में ‘रेल रोको’ की घोषणा की है। किसान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सात जगहों पर रेल पटरियों पर बैठेंगे। यह निर्णय शंभू और खनौरी सीमाओं पर हरियाणा सुरक्षा कर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ इस्तेमाल किए गए आंसू गैस के गोले और पानी की बौछारों के विरोध में लिया गया था।
हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने दें सरकार : सरवन सिंह पंढेर
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि सरकार हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने दें, हम दिल्ली की ओर जाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों पर बलप्रयोग कर रही है।




















