

दिल्ली जा रहे पंजाब के किसानों पर आंसू गैस चलाना बंद करे हरियाणा : सीएम मान
चंडीगढ, 15 फरवरी (विश्ववार्ता) न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी को लेकर कानून बनाने समेत विभिन्न मांगों के लिए पंजाब-हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों ने राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी है। दिल्ली जा रहे पंजाब के किसानों को रोकने के लिए हरियाणा सरकार की कार्रवाई पर पंजाब सरकार ने कड़ा एतराज जताया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से अपील की है कि वह पंजाब के किसानों को दिल्ली जाने दें। उन पर लाठीचार्ज न करें। किसानों पर आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार करना बंद करें। उन्होंने हरियाणा पुलिस के हमले में किसानों के घायल होने पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा की तरफ से आंसू गैस के गोले पंजाब की सीमा में किसानों पर फेंके गए हैं। वही केंद्र सरकार ने एक बार फिर से प्रदर्शनकारी किसानों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है।
प्रदर्शनकारी किसान फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी के साथ विभिन्न मांगों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय राजधानी की ओर जाने पर अड़े हुए हैं। किसानों के विरोध-प्रदर्शन को राजधानी तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने मंगलवार को प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस का इस्तेमाल किया। उनके बीच हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी और किसान घायल हो गए।
200 से अधिक किसान संघों का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रदर्शनकारी किसान कृषि ऋणों की माफी की भी मांग कर रहे हैं और चाहते हैं कि कृषि कानूनों का विरोध करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले हटा दिए गए हैं। किसान यूनियनों द्वारा मौके पर अस्थायी अस्पताल शुरू किए गए हैं। यहां तक कि पंजाब सरकार ने भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पास के सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क कर दिया है।
न्यूनतम समर्थन मूल्य, कर्ज माफी, एम एस स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर किसान संगठनों के दिल्ली कूच का आज दूसरा दिन है।






















