भारतीय किसान यूनियन ने बुलाई आपात बैठक
भाकियू उगराहा इस दिन रोकेगा ट्रेनें
भारत में पहली बार हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के प्रयोग के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया
चंडीगढ, 14 फरवरी (विश्ववार्ता) मांगों को लेकर किसानों के दिल्ली मार्च का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए आंसू गैस छोड़ी तो किसानों ने भी पथराव किया। हरियाणा पुलिस ऐसी पहली फोर्स बन गई है जिसने किसी प्रदर्शन में आंसू गैस के गोले छोड़ने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया है। भाकियू चढ़ूनी ने आंदोलनरत किसानो की मांगों का समर्थन कर दिया है। चढ़ूनी गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम चढ़ूनी द्वारा 15 फरवरी सुबह 11 बजे केंद्रीय कार्यालय चढ़ूनी गांव में संगठन के पदाधिकारियो की आपातकालीन मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें आंदोलन की मौजूदा स्थिति पर विचार चर्चा की जाएगी और आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
भाकियू उगराहां ने किसान संगठनों के साथ एकजुटता दिखाने का फैसला लिया है। उगराहां यूनियन, गुरुवार को पंजाब में सात स्थानों पर रेलें रोककर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करेगी। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की लंबित मांगों को लेकर यूनियन, वीरवार को संगरूर, मानसा, बठिंडा, पटियाला, मोगा, गुरदासपुर में दोपहर बारह से चार बजे तक रेलें रोकेगी।























