
इंडिया गठबंधन को बडा झटका,पंजाब में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी
चंडीगढ, 14 फरवरी (विश्ववार्ता) पंजाब में आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी (आप) के गठबंधन पर पूरी तरह से विराम लग गया है। मंगलवार को आप की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) की बैठक में आप के प्रदेश में अलग चुनाव लडऩे को लेकर फैसले पर मुहर लग गई है।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पंजाब में आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य की सभी सीटों पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। बता दें कि इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पंजाब में अकेले लोकसभा चुनाव लडऩे का ऐलान किया था. सीएम मान के बाद अब केजरीवाल का बयान इंउिया गठबंधन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. इससे पहले ममता बनर्जी ने भी पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लडऩे का ऐलान किया था।
बैठक में चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर भी मंथन किया गया, लेकिन अभी प्रदेश के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की गई है। दिल्ली में कांग्रेस के साथ पार्टी के गठबंधन को लेकर अभी बातचीत चल रही है। अगर ये फाइनल हो जाती है तो महीने के आखिर में वहां के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा हो सकती है और इसी के साथ ही पंजाब के उम्मीदवार भी फाइनल किए जा सकते हैं।
बैठक के बाद पंजाब के सह प्रभारी डॉ. संदीप पाठक ने बताया कि पंजाब में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लडऩे का फैसला लिया है और वह इस फैसले का सम्मान करते हैं। लेकिन लोकसभा चुनाव में अब बहुत ही कम समय बाकी रह गया है, इसलिए अब जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री मंत्री भगवंत मान ने भी पंजाब में रैली के दौरान घोषणा की थी कि पार्टी पंजाब में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। यही कारण है कि कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर इसकी तैयारी शुरु करने के लिए भी निर्देश दे दिए गए हैं।




















