
अबूधाबी में आज मंदिर का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
चंडीगढ, 14 फरवरी (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर संयुक्त अरब अमीरात में है। प्रधानमंत्री मोदी आज अबूधाबी में पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह भारत मार्ट का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई और राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का इस बात के लिए धन्यवाद किया कि उन्होंने बीएपीएस मंदिर के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराई। । यह मंदिर अपनी भव्यता से दुनियाभर के लोगों को आकर्षित कर रहा है। 27 एकड़ में बना 108 फुट ऊंचा यह मंदिर वास्तुशिल्प का चमत्कार माना जा रहा है। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक मंदिर के दोनों किनारों पर गंगा और यमुना नदी का पवित्र जल बहता है, जो विशाल कंटेनरों में भारत से लाया गया था।
मंदिर का निर्माण कराने वाली बोचासनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) के अंतरराष्ट्रीय संबंधों के प्रमुख स्वामी ब्रह्मविहरिदास ने मंगलवार को बताया कि मंदिर के हर कोने में थोड़ा सा भारत है। यहां वाराणसी के घाटों की भी झलक मिलेगी। अबू धाबी में बना हिंदू मंदिर 108 फीट है। इसमें 40,000 क्यूबिक फीट संगमरमर, 1,80,000 क्यूबिक फीट बलुआ पत्थर, 18,00,000 ईंटों का इस्तेमाल किया गया है। मंदिर में 300 सेंसर लगाए गए हैं।




















