महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल
चंडीगढ, 13 फरवरी (विश्ववार्ता) महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अशोक चव्हाण आज (13 फरवरी) को भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व MLC अमर राजुलकर ने भी भाजपा की सदस्यता ली। डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सूत्रों के मुताबिक, चव्हाण को भाजपा राज्यसभा भेज सकती है। बताया जा रहा है कि वे कल नामांकन भी कर सकते हैं। उधर, शिवसेना (UBT) सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर चव्हाण को राज्यसभा भेजते हैं, तो यह कारगिल के शहीद सैनिकों का अपमान होगा।
कौन हैं अशोक चव्हाण?
अशोक चव्हाण मूलत औरंगाबाद जिले की पैठण तहसील के रहने वाले हैं। इनका जन्म 28 अक्टूबर, 1958 में हुआ था। अशोक चव्हाण महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरराव चव्हाण के बेटे हैं।
अशोक चव्हाण ने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जेवियर्स हाई स्कूल से पूरी की है। उन्होंने साइंस में ग्रेजुएशन और बिजनेस मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री की है।
अशोक चव्हाण की पत्नी अमिता भोकर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। अशोक चव्हाण की दो जुड़वां बेटियां श्रीजया और सुजया हैं।
अशोक चव्हाण का राजनीतिक सफर
अशोक चव्हाण को राजनीतिक विरासत उनके पिता शंकरराव चव्हाण से मिली थी।
अशोक चव्हाण ने 1986 में कांग्रेस पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के महासचिव नियुक्त होने के बाद अपनी राजनीतिक शुरुआत की थी।
अशोक चव्हाण ने 1987-89 में नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से टिकट लड़ा और सांसद बनें। अशोक चव्हाण ने 1992 में महाराष्ट्र विधानमंडल में अपनी शुरुआत की थी।





















