पंजाब में आज से DC ऑफिस में काम बंद
कर्मचारियों की हड़ताल से बढ़ेंगी जनता की दिक्कतें
चंडीगढ, 12 फरवरी (विश्ववार्ता) जालंधर समेत पंजाब में डीसी ऑफिस के कर्मचारी आज से 14 फरवरी बुधवार तक मुकम्मल कलमछोड़ हड़ताल करने का ऐलान किया है। डी. सी. ऑफिस इम्प्लाइज यूनियन ने 12 से 14 फरवरी तक कलम छोड़ हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान 14 फरवरी को कलम छोड़ हड़ताल के साथ-साथ पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर इस संघर्ष के दौरान मसला हल नहीं हुआ तो 14 फरवरी को दोपहर बाद प्रदेश स्तरीय बैठक कर अगले बड़े संघर्ष की घोषणा की जाएगी।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए यूनियन के प्रदेश प्रधान तेजिंदर सिंह ने बताया कि डी.सी. तरनतारन ने सरकार द्वारा वर्ष में केवल एक बार कर्मचारियों को एक सीट से दूसरी सीट पर ट्रांसफर करने के संबंध में जारी नीति के विरुद्ध बड़ी संख्या में कार्यालय कर्मियों के बार-बार ट्रांसफर की गई है, जिसको लेकर यूनियन ने कड़ा विरोध करते हुए 29 जनवरी 2024 से 11 फरवरी तक केवल डी. सी. आफिस तरनतारन के अधीन आने वाले समूह एस.डी. एम. कार्यालयों, तहसील एवं सब तहसील कार्यालयों में पूर्ण पेन डाउन व कम्प्यूटर शटडाऊन की कार्रवाई कर अनावश्यक तबादलों को रद्द करने की मांग की गई लेकिन डी.सी. तरनतारन द्वारा उक्त समस्या का समाधान नहीं किया गया।























