
‘दिल्ली कूच’ से पहले यूटी प्रशासन ने लगाई धारा 144
चंडीगढ़ में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, घग्गर पुल पर पुलिस ने चार लेयर में की सुरक्षा तैयार
चंडीगढ, 12 फरवरी (विश्ववार्ता) हरियाणा व पंजाब के किसान संगठनों के 13 फरवरी के ‘दिल्ली कूच’ के आह्वान के बाद तीन राज्य हाई अलर्ट पर है. किसानों को राजधानी में प्रवेश करने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने पहले से ही कई सीमाएं सील कर दी है, वहीं आसपास के इलाके में धारा-144 लागू कर दी गई है। वहीं, भारतीय किसान यूनियन उगराहां गुट के नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने 16 फरवरी को भारत बंद का एलान किया है। इस बीच किसानों की तैयारियों को देखते हुए हरियाणा पुलिस और प्रशासन ने शंभू बॉर्डर के बाद रविवार को अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित झरमड़ी बॉर्डर भी बंद कर दिया गया।
इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने भी पंजाब से आने वाले सभी बॉर्डर को सील कर दिया और 12 जिलों में धारा-144 लागू कर सात जिलों में इंटरनेट सेवाओं को भी बंद करने का फैसला लिया है. वहीं अब चंडीगढ़ में भी प्रशासन ने धारा-144 लागू कर दी है।
अंबाला में हरियाणा-पंजाब की सीमा पर बने घग्गर पुल पर पुलिस ने चार लेयर में सुरक्षा तैयार की है। इसमें पहली तीन लेयर में कंकरीट के बैरिकेडिंग के ऊपर कंटीली तारें और आखिर में लोहे के कांटे बिछाए गए हैं। इन्हें ही सीमेंट और बजरी के घोल से पक्का किया गया है। घग्गर नदी के पुल पर किसानों की मूवमेंट की संभावना को लेकर जगह-जगह सीसीटीवी और जैमर लगाए गए हैं। किसानों को रोकने के लिए बीएसएफ की टुकड़ी सबसे आगे रहेगी। इसके बाद आरएएफ और फिर हरियाणा पुलिस के जवान मोर्चा संभालेंगे। साथ ही शाम को सुरक्षा बलों ने मॉकड्रिल की। इसमें आंसू गैस के गोले चलाकर देखे गए।






















