
किसानों का दिल्ली कूच कल
पंजाब और हरियाणा के शंभू, खनौरी समेत सभी बॉर्डर सील, राजधानी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की एंट्री पर रोक
सीमाओं की किलेबंदी; दूसरे दौर की बैठक आज
चंडीगढ, 12 फरवरी (विश्ववार्ता) संयुक्त किसान मोर्चा ने 13 फरवरी यानी कल दिल्ली कूच का आह्वान किया है. इसके लिए दिल्ली चलो मार्च का एलान किया गया है पंजाब से लगभग 1500 से 2000 ट्रैक्टर ट्रॉली और अन्य वाहनों से किसान धरना प्रदर्शन करने आ रहे हैं। मार्च को रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने भी तमाम इंतजाम कर लिए हैं. हरियाणा और पंजाब के शंभू, खनौरी समेत सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं।
अब दिल्ली पुलिस भी एक्शन में आ गई है. इस कड़ी में दिल्ली पुलिस की तरफ से सिंघु बॉर्डर पर रात भर तैयारी की गई। हरियाणा की खट्टर सरकार ने के 8 जिलों में 13 फरवरी तक के लिए मोबाइल इंटरनेट, डोंगल और बल्क एसएमएस बंद कर दिया है। यह फैसला पंजाब और हरियाणा के किसानों के 13 फरवरी को दिल्ली कूच को देखते हुए लिया गया है।
सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर कंटीले तारों के अलावा कंक्रीट के ब्लॉक, बैरिकेड्स, सडक़ पर कीलें और दूसरे अवरोधक लगाए गए हैं। हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। दिल्ली में धारा 144 लगाई गई है। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उधर, आंदोलन खत्म करने के लिए सोमवार को किसान नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों की चंडीगढ़ में दूसरे दौर की बैठक भी होगी।किसानों की ओर से 2020 जैसा आंदोलन खड़ा करने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ज्यादा सतर्क हो गई है। सिंघु बॉर्डर पर पुलिस ने अस्थायी कार्यालय और कंट्रोल रूम बनाने के अलावा करीब एक किमी के दायरे में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। ड्रोन की मदद से क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। सीमाओं पर अद्र्धसैनिक बलों की 16 कंपनियों समेत 5,000 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। मंगलवार को सिंघु के साथ ही टीकरी बॉर्डर को पूरी तरह सील रखने की तैयारी है। अप्सरा, भोपुरा, आनंद विहार, चिल्ला के अलावा बदरपुर बॉर्डर पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने हरियाणा व यूपी से लगने वाली सीमाओं का दौरा किया।मार्च के लिए विशेष ट्रैक्टर तैयार
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों ने दिल्ली मार्च के लिए विशेष तरह के ट्रैक्टर तैयार किए हैं। इन पर हाइड्रॉलिक लगे हैं, जो बैरिकेड और बोल्डर हटाने में सक्षम हैं। पंजाब, यूपी हरियाणा व दिल्ली सरकार को अलर्ट करते हुए एजेंसियों ने कहा है कि पंजाब-हरियाणा की अलग-अलग जगहों से एक साथ 25,000 से अधिक किसान 5,000 ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली के लिए निकलेंगे।






















