
आईसीसी अंडर-19 वनडे विश्व कप खिताब जीतने उतरेगा आज भारत
ऑस्ट्रेलिया से फाइनल मैच आज; टूर्नामेंट में अभी तक अजेय है भारतीय टीम
चंडीगढ, 11 फरवरी (विश्ववार्ता) भारतीय अंडर-19 की टीम के खिलाडिय़ों ने आईसीसी अंडर-19 वनडे विश्व कप के टूर्नामेंट में अब तक शानदार खेल का नजारा पेश किया है। भारतीय गेंदबाजों के अलावा बल्लेबाजों ने विपक्षी टीमों को कोई मौका नहीं दिया। लिहाजा, अब तक टूर्नामेंट में टीम इंडिया को हार नहीं मिली है। भारत के युवा क्रिकेटर रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल जीतकर रिकॉर्ड छठा आईसीसी अंडर-19 वनडे विश्व कप खिताब जीतने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाहेंगे। इसके बाद कुछ के करियर को उड़ान भरने के लिए पंख मिलेंगे जबकि कुछ गुमनामी में चले जाएंगे।
सहारन की अगुवाई वाली मौजूदा टीम शुरू में इतनी शानदार नहीं दिख रही थी क्योंकि कुछ महीने पहले वह अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में जगह बनाने में असफल रही थी, लेकिन यहां टीम फॉर्म में आ गई है। इस टूर्नामेंट 389 बनाने वाले सहारन टीम का प्रदर्शन प्रत्येक मैच में बेहतर होता गया और उसने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। बस सेमीफाइनल ही ऐसा था जिसमें उसने मेजबान दक्षिण अफ्रीका को महज एक विकेट से हराया। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट टीम में शामिल सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान कप्तान उदय के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं और एक उपयोगी बाएं हाथ के स्पिनर भी हैं। उनसे फाइनल में भी बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज राज लिंबानी और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नमन तिवारी प्रभावी रहे हैं, लेकिन अगले स्तर के लिए तैयार नहीं हैं। लेकिन रविवार को उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इस स्तर के लिए काफी होगा।





















